सरोजनीनगर, लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर रेलखंड स्थित हरौनी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि कानपुर की ओर से लखनऊ जा रही फरक्का एक्सप्रेस से हरौनी रेलवे स्टेशन के पास एक किशोर नीचे गिर गया है। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने आसपास तलाश की तो स्टेशन से करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की ओर रेलवे पटरी के किनारे किशोर का शव पड़ा मिला। उसकी पहचान सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के नन्द्रासन नगवापुर निवासी अंकुल (17) के रूप में हुई।
मृतक के बड़े भाई रामराज ने बताया कि करीब 20 दिन पहले दोनों भाई नौकरी के सिलसिले में दिल्ली गए थे। बुधवार को दोनों फरक्का एक्सप्रेस से वापस घर लौट रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे ट्रेन हरौनी स्टेशन के पास पहुंचने वाली थी। इसी दौरान अंकुल टॉयलेट जाने की बात कहकर सीट से उठकर चला गया। काफी देर तक अंकुल के वापस नहीं लौटने पर रामराज ने पूरे डिब्बे में उसकी तलाश शुरू की। दरवाजे के पास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि हरौनी स्टेशन के पास एक किशोर ट्रेन से गिर गया है। इसके बाद रामराज ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे अमौसी स्टेशन के पास रुकवाया और किसी तरह कानपुर रोड पहुंचकर डायल 112 पर घटना की सूचना दी।
बाद में रामराज हरौनी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें स्टेशन से करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की ओर रेलवे पटरी के किनारे अंकुल का शव मिला। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि अंकुल के पिता विनोद की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां, तीन बड़े भाई और दो छोटी बहनें हैं। फिलहाल जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















