देवरिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल की ओर से देशभर में आयोजित की जा रही महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन देवरिया में भी होगा। प्रतियोगिता 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चीनी मिल रोड स्थित दिव्य शक्ति मैरिज लॉन में आयोजित की जाएगी। इसमें 15 से 22 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता को लेकर मंगलवार को टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के राष्ट्रीय संयोजक मानवेन्द्र तिवारी ने बताया कि क्विज में महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के साथ सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन क्यूआर कोड और ऑफलाइन फार्म के जरिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को गांधी के विचारों से जोड़ने के साथ उनके सामान्य ज्ञान को बढ़ाना भी है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता ओएमआर प्रणाली के माध्यम से कराई जाएगी और परीक्षा के बाद परिणाम जल्द घोषित करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया समझने और परीक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के जीवन और विचारों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में परीक्षा की झिझक कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिल सकती है। जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की। प्रेसवार्ता में जिला उपाध्यक्ष अब्दुल जब्बार, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय, सत्य प्रताप मिश्रा अंशु और शिव शंकर सिंह मौजूद रहे।





















