अयोध्या के अवध मॉल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महानगर एवं जनपद इकाई की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के अलग-अलग बाजारों से आए व्यापारियों ने अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। चर्चा के दौरान सीपी टैक्स, लेबर सेस, हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और नजूल संपत्तियों से जुड़े मामलों को लेकर व्यापारियों ने अपनी परेशानियां बताईं। पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और इनके समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जरूरत है।
हैदरगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रिंस कसौधन ने बताया कि हैदरगंज, जाना बाजार, ननसा बाजार और तारुन क्षेत्र के 60 से अधिक व्यापारियों को 40 हजार से 60 हजार रुपये तक की सीपी टैक्स की नोटिस जारी की गई है। उन्होंने कहा कि कई छोटे व्यापारियों की कुल आर्थिक क्षमता ही इतनी नहीं है कि वे इतनी बड़ी राशि जमा कर सकें। जिला महामंत्री मनोज जायसवाल ने लेबर सेस के नाम पर अधिक मूल्यांकन और उस पर लगाई जा रही 100 प्रतिशत पेनाल्टी व ब्याज की मांग का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मामले को लेकर श्रम मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन देने की बात कही।
महानगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता ने सभी बाजारों के पदाधिकारियों से अपनी स्थानीय और नीतिगत समस्याओं का लिखित विवरण संगठन को देने का अनुरोध किया, ताकि संबंधित मंत्रियों के सामने मुद्दे रखकर समाधान कराया जा सके। जिला संगठन मंत्री नीरज जायसवाल ने नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स और वाटर टैक्स में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए अधिकतम 10 प्रतिशत वृद्धि की मांग रखी। वहीं जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने नजूल भूमि से जुड़े दाखिल-खारिज मामलों में लगी रोक हटाने और जिन लोगों ने फ्रीहोल्ड के लिए सरकारी खजाने में रकम जमा कर रखी है, उनकी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग उठाई।
बैठक में व्यापारियों ने संगठन के माध्यम से शासन तक अपनी समस्याएं पहुंचाने और समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल ने किया। बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नीरज जायसवाल, जसबीर सिंह सेठी, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा, यशस्पति अग्रवाल, अयोध्या धाम के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महामंत्री नंदलाल गुप्ता, ईंट निर्माता समिति से संजय सावलानी व रमेश गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह, जिला युवा अध्यक्ष प्रिंस गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।





















