सऊद के सिर से आर-पार हुई एक गोली; पांचवें खोखे की तलाश
लखीमपुर खीरी। चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा की हत्या और इसके बाद सऊद अंसारी की खुदकुशी के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से फायरिंग को लेकर नया तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षिका के सिर में कुल चार गोलियां लगी थीं। इनमें तीन गोलियां सिर के अंदर फंसी मिलीं, जबकि एक गोली सिर को पार कर बालों में जा फंसी थी। वहीं सऊद के सिर में एक गोली लगी, जो आर-पार निकल गई।
घटना सोमवार को लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में हुई थी। पुलिस के अनुसार, करीब साढ़े 11 बजे मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल परिसर में पहुंचा और शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत की। इसके बाद उसने शिक्षिका पर गोली चला दी। वारदात के बाद सऊद ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
चार गोलियां निशात के सिर में लगीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक निशात के सिर में चार गोलियां लगी थीं। इनमें दो सिर के ऊपरी हिस्से और दो पीछे के निचले हिस्से में, गर्दन के ऊपर लगी थीं। रिपोर्ट में चारों गोलियों के शरीर के आर-पार न निकलने की बात सामने आई है।
सऊद के मामले में दाईं कनपटी पर लगी गोली सिर को पार करते हुए निकल गई। इस तरह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कुल पांच गोलियां चलने की बात सामने आ रही है।
मौके से मिले चार खोखे, पांचवीं गोली का रहस्य
घटना के बाद पुलिस ने मौके से चार खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार मौके से दो तमंचे भी मिले थे। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निशात को चार और सऊद को एक गोली लगने की पुष्टि के बाद फायरिंग से जुड़े साक्ष्यों का दोबारा मिलान किया जा रहा है।
पांच गोलियां चलने की स्थिति में मौके से चार खोखे मिलने का अंतर जांच का महत्वपूर्ण बिंदु बन गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पांचवें खोखे का क्या हुआ और घटनास्थल से बरामद साक्ष्य फायरिंग के पूरे घटनाक्रम से किस तरह जुड़ते हैं। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने भी कहा है कि पांचवें खोखे के संबंध में जांच की जा रही है।
सीसीटीवी में निशात को अंदर ले जाता दिखा था सऊद
घटना के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में सऊद शिक्षिका निशात को हाथ पकड़कर स्कूल के अंदर ले जाता दिखाई दिया था। रिपोर्टों के मुताबिक दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद सऊद ने फायरिंग की। पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम और वारदात के कारणों की जांच कर रही है।
स्कूल प्रशासन का कहना है कि सऊद भीड़ के बीच से स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और घटना के बाद पुलिस ने फुटेज तथा मौके से मिले अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।
घटना के दौरान स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। गोली चलने के बाद स्टाफ ने बच्चों को सुरक्षित कमरों में पहुंचाया और बाद में अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर भेजा गया।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, बरामद हथियारों और खोखों को आपस में मिलाकर घटना की कड़ियां जोड़ रही है। पांचवें खोखे का न मिलना जांच का एक अहम बिंदु बना हुआ है।





















