श्रावस्ती में शासन के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि अभियान के जरिए आम नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी सेवा गतिविधियों में सहभागिता दर्ज कराने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए https://modiat25.in पोर्टल तैयार किया गया है, जहां निर्धारित थीम के माध्यम से लोग अपनी सेवा से जुड़ी गतिविधियों और अनुभवों को साझा कर सकते हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार अभियान के तहत 26 सेवा गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। नागरिक अपनी पसंद की गतिविधि का चयन कर उससे संबंधित फोटो और वीडियो पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। गतिविधि सफलतापूर्वक अपलोड होने के बाद पोर्टल के माध्यम से प्रमाण-पत्र भी जनरेट किया जा सकता है। इससे लोगों को अपनी सामाजिक सहभागिता को दर्ज करने के साथ उसे डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने का अवसर मिलेगा।
अभियान के तहत नागरिक अपनी सेवा की कहानी भी साझा कर सकते हैं। इसके लिए रील या वीडियो अपलोड करने के साथ पोर्टल पर उपलब्ध संबंधित हैशटैग और कैप्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है। पोर्टल पर प्रोफाइल के जरिए नागरिक अपनी पूरी सहभागिता देख सकेंगे, जिसमें अपलोड की गई फोटो-वीडियो, रील, सेवा की कहानियां, गतिविधियों का विवरण और प्राप्त प्रमाण-पत्र शामिल होंगे।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि पोर्टल पर अपलोड की गई सामग्री का उच्च स्तर पर अनुमोदन किया जाएगा और स्वीकृति के बाद ही उसे डैशबोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने और अपनी सेवा गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग पोर्टल पर करने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ना है, ताकि अभियान की गतिविधियां व्यापक स्तर तक पहुंच सकें।





















