अयोध्या स्थित जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और ‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से दोनों पहलों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग से जुड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला सहकारी बैंक और बी-पैक्स के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में रुदौली विधायक राम चंद्र यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु और सीमांत किसानों को कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए आसान शर्तों पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का कृषि ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था बताई गई है। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। योजना के लिए सरकार ने 384 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है और अगले पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और जरूरी पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में बी-पैक्स के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र किसानों को इससे जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में सहयोग का भरोसा दिया।
इसी कार्यक्रम में प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इसे सहकारिता आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग सेवा के तौर पर शुरू किया गया है, जिसमें चालक सदस्य और अन्य हितधारक सहकारी मॉडल के तहत जुड़ेंगे। सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन सुविधा देने के साथ चालकों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने दोनों पहलों को किसानों और आम लोगों के लिए उपयोगी बताते हुए इनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।





















