लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को देखते हुए कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्तूबर तय की गई है। सात अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 16 अक्तूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्यसभा चुनाव में विधानसभा के निर्वाचित सदस्य मतदान करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक पूरी की जाएगी।
विधान परिषद की 11 सीटों में पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इनके लिए भी 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। छह अक्तूबर तक नामांकन, सात अक्तूबर को जांच और नौ अक्तूबर तक नाम वापसी होगी। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्तूबर को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्तूबर तक पूरी होगी।
राज्यसभा की जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है, उनके मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इनमें भाजपा की आठ, समाजवादी पार्टी की एक और बहुजन समाज पार्टी की एक सीट शामिल है।





















