लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियों में कई ऐसे नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिनका उत्तर प्रदेश से सीधा संबंध रहा है। पार्टी की ओर से बुधवार को घोषित संगठनात्मक बदलाव में स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, श्रीकांत शर्मा, सुनील बंसल समेत कई नेताओं को अहम राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभार सौंपा गया है। मथुरा से विधायक रहे श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। हिमाचल में दर्शना सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है। बंसल लंबे समय तक उत्तर प्रदेश भाजपा में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नई नियुक्तियों में उनके पास दो राज्यों का संगठनात्मक प्रभार रहेगा।
यूपी में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों को भी नए सिरे से तय किया है। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को यूपी का प्रभारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नई टीम के सामने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर समन्वय बढ़ाने और चुनावी तैयारियों की निगरानी की जिम्मेदारी होगी। तावड़े पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी कर चुके हैं।
भाजपा की नई नियुक्तियों में अलग-अलग राज्यों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की व्यापक टीम बनाई गई है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से घोषित इस संगठनात्मक फेरबदल में 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं।





















