औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के मुरादगंज चौकी क्षेत्र के भीखेपुर कस्बे में गुरुवार सुबह एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान विभा कुमारी (28) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
विभा की शादी 26 अप्रैल को भीखेपुर निवासी आलोक कुशवाहा के साथ हुई थी। आलोक जुहीखा रोड स्थित अपने मकान में रहता है और एक निजी विद्यालय में पढ़ाने के साथ घर पर कोचिंग भी चलाता है। मृतका के चाचा नीलम कुमार और भाई पवन कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही विभा को उसकी सास सुनीला छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान करती थी। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह भी आलोक ने फोन कर बताया था कि उसकी मां और विभा के बीच फिर से विवाद हुआ है।
परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद आलोक ने फोन कर विभा के फांसी लगाने की जानकारी दी। इसके बाद वे तुरंत भीखेपुर पहुंचे, जहां कमरे के अंदर विभा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बाद ससुर जगदीश और सास सुनीला मौके से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, नवविवाहिता की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।





















