नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के लिए 24 संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की। इनमें राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश संयुक्त महामंत्री (संगठन) और संगठक स्तर के पद शामिल हैं। पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उत्तर प्रदेश में धर्मपाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र लखनऊ रहेगा। वहीं अभय गिरि को ब्रज क्षेत्र का संगठक बनाया गया है और उनका केंद्र आगरा होगा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन स्तर पर हुए इस बदलाव को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनावी राज्यों में संगठन की जिम्मेदारियों में बदलाव के साथ पार्टी ने कई क्षेत्रों में नए पदाधिकारियों को तैनात किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर शिवप्रकाश को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का प्रभार सौंपा गया है। उनका केंद्र मुंबई होगा। वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र भुवनेश्वर रहेगा।
संगठनात्मक फेरबदल में वी. सतीश को अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चों के साथ पार्टी के संसदीय कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। नागेंद्र वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क के संगठक होंगे। महाराष्ट्र में अजय जामवाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। सतीश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश संयुक्त महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी मिली है।
अन्य राज्यों में मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, रविंद्र राजू को असम और त्रिपुरा, भिखुभाई दलसानिया को बिहार, पवन साई को झारखंड, सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश और रत्नाकर को गुजरात की जिम्मेदारी मिली है। फणींद्रनाथ शर्मा उत्तराखंड, पवन राणा दिल्ली-हरियाणा, कर्मवीर छत्तीसगढ़ और चंद्रशेखर मध्य प्रदेश के संगठन महामंत्री बनाए गए हैं।
पंजाब और चंडीगढ़ की जिम्मेदारी मंत्री श्रीनिवासुलु को, ओडिशा की मानस मोहंती को और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी अमिताभ चक्रवर्ती को दी गई है। बिहार के भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र का दायित्व अनंत नारायण मिश्र को मिला है।





















