सरोजनीनगर, लखनऊ। बंथरा के जुनाबगंज स्थित महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में फार्मासिस्ट सप्ताह के अवसर पर 24 और 25 सितंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पहले दिन गेस्ट लेक्चर के साथ विद्यार्थियों के लिए कई शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। डॉ. रशाद अहमद खान ने फार्मेसी क्षेत्र की जानकारी साझा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शो ऑन एवोल्यूशन, मेडिसिन सेल्फी प्वाइंट, रंगोली, लोगो एवं स्लोगन प्रतियोगिता, वाल ऑफ फार्मासिस्ट, नुक्कड़ नाटक, आरएक्स री-फैशन शो, मीम मेकिंग, डिजिटल पोस्टर, मॉडल प्रस्तुति और फेस पेंटिंग जैसी गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
शुक्रवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन संस्थान के निदेशक डॉ. जीशान हुसैन ने मुख्य अतिथि डॉ. सीएचवी राव का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद डॉ. राव ने “Empowering Pharmacist for a Healthier Tomorrow” विषय पर गेस्ट लेक्चर दिया। उन्होंने बदलते स्वास्थ्य परिवेश में फार्मासिस्ट की भूमिका, जिम्मेदारियों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को फार्मेसी क्षेत्र में बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को संस्थान के निदेशक डॉ. जीशान हुसैन ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। निदेशक ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी मदद करते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




















