लखनऊ। सरोजनीनगर के बिजनौर थाना क्षेत्र में उधार के रुपये वापस मांगने को लेकर एक फेरीवाले के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक अपने तीन साथियों के साथ उसे कार में बैठाकर ले गया और गालीगलौज करते हुए पिटाई की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित रामदास का हाता निवासी राजा पुत्र स्वर्गीय होरीलाल आशियाना और कैंट इलाके में फेरी लगाकर कपड़े और चादर बेचता है। पीड़ित के मुताबिक, उसने अमन उर्फ कार्तिक से किसी काम के लिए रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह समय पर वापस नहीं कर सका। इसके बाद अमन लगातार उससे रुपये लौटाने का तकादा कर रहा था।
राजा का आरोप है कि 24 सितंबर की शाम करीब चार बजे अमन ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। उसने शहीद पथ स्थित मैपल तिराहे के पास होने की जानकारी दी। कुछ देर बाद अमन अपने तीन साथियों के साथ काले रंग की ब्रेजा कार से वहां पहुंचा और रुपये मांगने लगा। पीड़ित के मुताबिक, कार में बैठते ही आरोपियों ने दरवाजा बंद कर उसके साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वे उसे सुशांत गोल्फ सिटी स्थित उसके एक दोस्त के कमरे पर ले गए, लेकिन वहां दोस्त नहीं मिला।
पीड़ित का आरोप है कि दोस्त के नहीं मिलने पर आरोपी और नाराज हो गए तथा बेल्ट और डंडे से उसकी पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



















