लखनऊ। रांची में गुरुवार देर शाम खराब मौसम के कारण विमान संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते रांची जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों को डायवर्ट कर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। इस दौरान एक उड़ान को रद्द भी करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6E221 (एयरबस A320) गुरुवार रात 9:45 बजे लखनऊ पहुंची। विमान को एयरपोर्ट पर ही खड़ा रखा गया, जबकि उसमें सवार यात्रियों को होटल में ठहराया गया। शुक्रवार सुबह रांची का मौसम सामान्य होने पर विमान को करीब 9:30 बजे लखनऊ से रवाना कर दिया गया।
वहीं, दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6E5023 (एयरबस A320) को भी खराब मौसम के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 10:20 बजे लखनऊ पहुंचा और करीब डेढ़ घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। रांची में मौसम सामान्य नहीं होने के कारण विमान को यात्रियों समेत रात 11:50 बजे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
उधर, रांची में खराब मौसम के चलते गुरुवार रात 11:10 बजे लखनऊ से रांची जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E221 रद्द कर दी गई। लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने डायवर्ट की गई दोनों उड़ानों और यात्रियों को आवश्यक परिचालन सहायता उपलब्ध कराई। खराब मौसम के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।





















