सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को कानपुर रोड किनारे झाड़ियों में करीब 32 वर्षीय अज्ञात युवक अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। नादरगंज क्षेत्र में टूल रूम के पास झाड़ियों में युवक को पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को झाड़ियों से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, युवक कानपुर रोड से करीब 20 मीटर दूर टूल रूम की बाउंड्री की ओर झाड़ियों के बीच पड़ा था। वह पूरी तरह बेहोशी की हालत में था। उसके दोनों पैरों के घुटनों पर चोट के निशान मिले। युवक के शरीर पर सिर्फ भूरे रंग की लोअर थी। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिश के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस का कहना है कि युवक की हालत ऐसी थी कि वह अपने बारे में कोई जानकारी देने की स्थिति में नहीं था। शुरुआती जांच में पुलिस को उसके नशे की हालत में होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह संभवतः रात से ही झाड़ियों में पड़ा रहा होगा। लंबे समय तक वहां पड़े रहने के कारण उसके हाथों की हथेलियां और पैरों के तलवे सिकुड़कर सफेद पड़ गए थे। हालांकि, युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी स्थिति उसके होश में आने और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह झाड़ियों तक कैसे पहुंचा और उसके घुटनों में चोट कैसे लगी। फिलहाल युवक की हालत में सुधार और उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि उसके बारे में जरूरी जानकारी मिल सके।




















