सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर के अमौसी स्थित साईं सुरक्षा नगर में शनिवार दोपहर बाद बारिश और तेज हवा के बीच पेड़ की डाल 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर गिर गई। इससे डबल पोल पर रखा विद्युत ट्रांसफार्मर समेत हाई वोल्टेज लाइन के सात खंभे टूटकर जमीन पर गिर गए। हादसे के बाद इलाके के करीब 200 मकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं जमीन पर गिरे विद्युत तारों से राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद नादरगंज पावर हाउस के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। उनका आरोप है कि सूचना मिलने पर केवल दो विद्युत कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति देखने के बाद वापस लौट गए। इसके बाद कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। घरों में समरसेबल नहीं चलने से रविवार सुबह पानी की समस्या भी खड़ी हो गई।
बिजली आपूर्ति बहाल न होने और टूटे खंभों को नहीं हटाए जाने से नाराज दर्जनों उपभोक्ता रविवार सुबह करीब 10 बजे नादरगंज विद्युत पावर हाउस पहुंच गए। यहां लोगों ने अपनी नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली विभाग को समय रहते सूचना देने के बावजूद उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण उन्हें रातभर परेशानी झेलनी पड़ी।
हंगामे की सूचना पर पावर हाउस में मौजूद संबंधित अवर अभियंता दिनकर यादव ने उपभोक्ताओं को जल्द खंभे बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। स्थानीय लोगों ने मांग की कि टूटे खंभों और ट्रांसफार्मर को जल्द दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को पानी और बिजली की समस्या से राहत मिल सके।





















