सरोजनीनगर, लखनऊ। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को सरोजनीनगर, बंथरा और बिजनौर थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत सरोजनीनगर पुलिस ने बेहसा में सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं से अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखने की अपील की।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक यशवंत सिंह, महिला उप निरीक्षक साधना देवी, महिला उप निरीक्षक निर्देश राजपूत और महिला कांस्टेबल सुनीता ने महिलाओं व बालिकाओं से घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना और लैंगिक अपराध के खिलाफ आवाज उठाने को कहा। पुलिस टीम ने जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने की जानकारी दी। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और आत्महत्या जैसे कदम न उठाने के लिए भी जागरूक किया गया। साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई।
वहीं बंथरा थाने की मिशन शक्ति केंद्र टीम ने बेंती गांव में आशा बहू और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में चौपाल लगाकर महिलाओं और बेटियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। टीम ने अविवाहित युवतियों और छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें जल्दबाजी में कोई निर्णय न लेने और परेशानी होने पर परिवार के सदस्यों से बात करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में बिजनौर पुलिस टीम ने प्राइम सिटी में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और अन्य अपराधों के खिलाफ जागरूक किया। महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, यूपी कॉप एप और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। तीनों स्थानों पर पुलिस टीम ने 1090, 181, 1076, 112, 1930, 101, 102 और 108 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों के सीयूजी नंबर भी साझा किए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं समय पर सहायता ले सकें।





















