औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में अछल्दा मार्ग पर बुधवार दोपहर पिकअप लोडर की टक्कर से बाइक सवार एलएलबी छात्र की मौत हो गई। हादसा टीकमपुर गांव के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल छात्र को पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
भूरेपुर गांव निवासी राघवेंद्र उर्फ छून्नू (22) पुत्र राजू उर्फ राजेंद्र शर्मा औरैया स्थित जीएस लॉ कॉलेज में एलएलबी का छात्र था। बताया गया कि बुधवार को वह रोज की तरह बाइक से कॉलेज गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास सामने से आ रहे पिकअप लोडर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद राघवेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी दिबियापुर भेजा, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप लोडर को थाने में खड़ा करा लिया है।
राघवेंद्र दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।





















