लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बंथरा में मंगलवार सुबह एक अधेड़ ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना कानपुर रोड स्थित आजाद गेस्ट हाउस के पास की है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहतगढ़ थाना क्षेत्र के सीहोर निवासी कुंदन सिंह लोधी (50) ट्रक चालक था। वह भोपाल से अपने ट्रक में राजश्री मसाला लेकर लखनऊ आ रहा था। उसके साथ गांव का ही रहने वाला क्लीनर महेंद्र सिंह लोधी भी मौजूद था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बंथरा क्षेत्र में आजाद गेस्ट हाउस के पास ट्रक खड़ा करने के बाद कुंदन ने अपनी शुगर की दवा खाई।
दवा खाने के कुछ देर बाद ही कुंदन को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं। उसकी हालत बिगड़ती देख क्लीनर महेंद्र सिंह लोधी ने एंबुलेंस की मदद से उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने कुंदन को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
कुंदन सिंह लोधी के परिवार में पत्नी हेमलता के अलावा दो बेटियां प्रियंका और रविता तथा एक बेटा बलराम है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




















