श्रावस्ती में गांधी जयंती के अवसर पर जिला क्षय रोग केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने 50 क्षय रोगियों और 11 कुष्ठ रोगियों को पोषण पोटली व अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी को हराने के लिए मरीजों के खान-पान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है और भोजन में प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए।
निक्षयमित्र पहल अभियान के तहत उज्ज्वला सेवा संस्थान, गोंडा के अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी की ओर से 50 क्षय रोगियों को गोद लिया गया है। गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने इन मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। जिलाधिकारी ने समाज के संभ्रांत नागरिकों और व्यापारियों से भी आगे आकर निक्षयमित्र पहल में योगदान देने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने कहा कि नियमित रूप से दवा लेने और पौष्टिक आहार अपनाने से टीबी को खत्म करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से क्षय रोग उन्मूलन के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें निक्षयमित्र पहल भी शामिल है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने संस्था अध्यक्ष का आभार जताते हुए अन्य संस्थाओं से भी क्षय रोगियों को गोद लेने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी ने कलेक्ट्रेट के पीछे वन स्टॉप सेंटर में बने दत्तक ग्रहण अभिकरण केंद्र का भी भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने हाल ही में केंद्र में आए नवजात शिशु अनमोल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसे उपहार दिया। उन्होंने उपस्थित स्टाफ को शिशु की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सरिता त्रिपाठी, मैनेजर संजय वर्मा, आया विनीता देवी और पूनम देवी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





















