आजमगढ़ में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की टंकियों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का गंभीरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पिकअप वाहन, फर्जी नंबर प्लेट, डीजल निकालने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के बाद गंभीरपुर समेत चार थाना क्षेत्रों में डीजल चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, दो अक्तूबर की रात थनौली गांव के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी हुआ था। ट्रक मालिक अरविंद यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार को रोहुआ तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह बरवां मोड़ के पास पिकअप में मौजूद है। घेराबंदी कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पिकअप पर UP54AT7843 नंबर की प्लेट लगी थी, जो जांच में एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिली। चेसिस नंबर की जांच करने पर वाहन का वास्तविक नंबर UP54AT7343 सामने आया, जो आरोपी अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की पाइप, हथौड़ी, छेनी, करीब 50 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और 14 खाली जरीकेन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने निजामाबाद के नेवादा गांव, मुबारकपुर के लोहरा सिक्स लेन और कप्तानगंज के तेरही गांव के पास हाईवे किनारे खड़े वाहनों से भी डीजल चोरी करने की बात पुलिस को बताई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेंद्र राजभर निवासी बाऊडीह, मधुबन (मऊ), अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर, मधुबन (मऊ), चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम, दोहरीघाट (मऊ) और संजय कुमार निवासी गोपालपुर, गोला (गोरखपुर) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अक्षय कुमार, संजय कुमार, शैलेंद्र राजभर और चन्द्रिका के खिलाफ अलग-अलग जिलों के थानों में चोरी समेत विभिन्न मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। गंभीरपुर पुलिस ने चारों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की दूसरी घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।





















