लखनऊ। सरोजनीनगर के बिजनौर थाना क्षेत्र में रविवार शाम सीआरपीएफ चौराहे पर किसान नेता और प्रॉपर्टी डीलर के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। थाने के सामने बीच सड़क पर दोनों पक्षों के समर्थकों के भिड़ने से करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। मारपीट के कारण चौराहे पर यातायात भी बाधित हुआ और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस के मुताबिक बिजनौर के सरैया निवासी दिनेश यादव किसान यूनियन के नेता हैं। रविवार दोपहर वह साथियों के साथ अनूपखेड़ा में क्रिकेट खेलने गए थे। इसी दौरान अनूपखेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर मनीष यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। लोगों के समझाने पर उस समय दोनों पक्ष शांत हो गए और दिनेश कार से वहां से चले गए। कुछ देर बाद बिजनौर चौराहे के पास दोनों की गाड़ियां आमने-सामने आ गईं। रास्ता देने को लेकर दोबारा कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ गए।
घटना के दौरान सड़क पर मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने के बजाय वीडियो बनाते रहे। हालांकि, सूचना पर पहुंचे सीआरपीएफ जवानों ने कई लोगों को पकड़कर थाने पहुंचाया। मारपीट के चलते बिजनौर-बंगला बाजार, बिजनौर-गौरी, बिजनौर-बंथरा और बिजनौर-माती रोड पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी रही।
बिजनौर प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बच्चों के बीच क्रिकेट मैच के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में नाराजगी चल रही थी। पुलिस के अनुसार रविवार को दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे और संकरी सड़क पर साइड देने को लेकर विवाद बढ़ गया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





















