जनता दर्शन: सीएम योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराया जाए।
जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा किया है तो मामले में प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने जमीन को कब्जामुक्त कराने और पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जो व्यक्ति अपनी समस्या लेकर दोबारा जनता दर्शन में पहुंचता है, उसके मामले में जिम्मेदारी तय की जाए।
बच्चों से भी मिले मुख्यमंत्री
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलारा और उन्हें चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई पर ध्यान देने और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह भी दी।
जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए फरियादियों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





















