बिहार के 466 गांव बाढ़ से प्रभावित; MP में 7 अक्टूबर से बारिश का अनुमान, राजस्थान में पारा 41°C
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के बावजूद बांधों से छोड़े गए पानी के कारण कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 40 हजार घरों में पानी पहुंच गया है। वहीं बिहार के छह जिलों के 466 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद दिन में गर्मी और रात में ठंड बढ़ रही है, जबकि राजस्थान में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
लखनऊ में 40 हजार घरों में घुसा गोमती का पानी
उत्तर प्रदेश में पिछले नौ दिनों से बारिश नहीं हुई है, लेकिन बांधों से छोड़े गए पानी के कारण 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 40 हजार घरों में पानी घुस गया है।
करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई इलाकों की गलियों में नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गोमती रिवर फ्रंट को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
बिहार में 466 गांव बाढ़ की चपेट में
बिहार में छह जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ प्रभावित हैं। लगभग आठ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों ने 92,730 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। सारण सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में है, जहां करीब 3.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। यहां लगभग 44 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
MP में रात का तापमान 4 डिग्री तक गिरा
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में गर्मी बढ़ रही है, जबकि रातें ठंडी होने लगी हैं। पिछले तीन दिनों में कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
अमरकंटक में रात का तापमान 16 डिग्री और इंदौर में 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 7 से 9 अक्टूबर के बीच प्रदेश के 14 शहरों में बारिश का अनुमान जताया है।
राजस्थान में पारा 41 डिग्री तक पहुंचा
राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन के समय तेज गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।




















