सुल्तानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मझुई नदी में एक युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान कल्याणपुर निवासी कमलेश कुमार (36) पुत्र जयंती प्रसाद के रूप में हुई है। शव बकसरा गांव में डौड़ीफरीदपुर नदी पुल के पास मिलने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
परिजनों के मुताबिक, कमलेश कुमार 9 अक्टूबर को गांव के एक व्यक्ति के साथ खेत देखने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। रविवार सुबह नदी में शव मिलने की जानकारी मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे और उनकी पहचान की।
सूचना मिलने पर अखण्डनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















