औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुरवा भदौरिया गांव में रविवार शाम खेतों की रखवाली करने गए एक युवक की तालाब में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत के पास एक अन्ना सांड़ ने उसे खदेड़ दिया। उससे बचने के लिए युवक भागने लगा, तभी घबराहट में वह सामने स्थित तालाब में गिर गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव निवासी दीपू सिंह उर्फ पुष्पेंद्र (40) पुत्र भगवान सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दीपू रविवार शाम करीब सात बजे अपने खेत की रखवाली करने गया था। इसी दौरान खेत के पास सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। बचने के प्रयास में वह तालाब में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
दीपू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रंजना और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपू छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी रंजना, 12 वर्षीय बेटा देवा और आठ वर्षीय बेटी जागृति हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दीपू खेती-किसानी में हाथ बंटाने के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की जानकारी मिलने पर अछल्दा ब्लॉक प्रमुख शरद कुमार राना भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।





















