छुट्टा गोवंशों को पकड़कर बिहार में बेचने का आरोप, आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
शहाबगंज (चंदौली)। चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के केरायगांव में पुलिस ने खंडहरनुमा मकान के छप्पर में क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए दो गोवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह छुट्टा गोवंशों को पकड़कर पुराने मकान में बांध देता था और बाद में उन्हें बिहार ले जाकर बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान केरायगांव निवासी महाउद्दीन उर्फ महाऊ (56) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांव के बाहर तालाब के किनारे उसका नया मकान बना हुआ है, जबकि पुराने खंडहरनुमा मकान में वह नहीं रहता। आरोप है कि वह पैसों के लालच में छुट्टा गोवंशों को पकड़कर पुराने मकान के छप्पर में बांधकर रखता था। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए भोर के समय पैदल ही गोवंशों को बिहार ले जाकर बेच देता था।
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान छप्पर में बंधे दोनों गोवंशों को मुक्त कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने थाना शहाबगंज में मुकदमा संख्या 130/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2007 में भी इसी तरह का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















