शिकायतों के त्वरित और न्यायोचित निस्तारण के निर्देश, पीड़ितों के साथ विनम्र व्यवहार करने की हिदायत
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 58 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसपी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता की। उन्होंने प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत पर उसके तथ्यों और गुण-दोष के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में आने वाले नागरिकों के साथ शिष्ट और विनम्र व्यवहार करें। फरियादियों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। एसपी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।





















