सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजन, भ्रष्टाचार की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 139 पर करने की अपील
पीडीडीयू नगर। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत मंगलवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय पर जागरूकता रैली निकालकर ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली का संदेश दिया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के विभिन्न ग्रुपों के सहयोग से आयोजित रैली में रेलकर्मियों और यात्रियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक किया गया।
रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू होकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची। इसके बाद प्रतिभागी वापस मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के अनुरूप रैली के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। रेल यात्रियों से निर्धारित किराए के अतिरिक्त किसी को भी अवैध रूप से राशि नहीं देने और किसी भी तरह की अनुचित मांग का विरोध करने की अपील की गई।
रेल यात्रा के दौरान यदि कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति अनुचित तरीके से अतिरिक्त राशि की मांग करता है अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई अनियमितता सामने आती है, तो इसकी शिकायत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्काउट्स-गाइड्स और संबंधित रेलकर्मियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य रेल व्यवस्था में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को उनके अधिकारों तथा शिकायत दर्ज कराने के माध्यमों के प्रति जागरूक करना रहा।





















