28 से 31 अक्टूबर तक बदल सकता है मौसम, किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह
28 अक्टूबर को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, 29 को भारी बारिश की आशंका
चंदौली। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से पूर्वांचल समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए चंदौली समेत आसपास के जिलों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए शासन और प्रशासन ने भी एहतियाती तैयारियों पर जोर दिया है।
28 अक्टूबर को येलो अलर्ट, तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। चंदौली में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। वहीं, 29 अक्टूबर को कुछ जिलों में भारी बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
30 और 31 अक्टूबर को भी सतर्कता जरूरी
पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के चलते दिन के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की आशंका भी है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
आंधी-तूफान के दौरान बरतें सावधानी
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि तेज हवा और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित, पक्के भवनों में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों के पास खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के आसपास न रहें। अनावश्यक यात्रा से भी परहेज करें।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
संभावित बेमौसम बारिश को देखते हुए किसानों को अपनी फसल और कृषि उपज सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। कटाई के लिए तैयार फसलों तथा खुले में रखे अनाज को बारिश से बचाने की व्यवस्था करने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है। लोगों से मौसम विभाग के आधिकारिक बुलेटिन और चेतावनियों के अनुसार सावधानी बरतने को कहा गया है।





















