जल्द मिलेगा मुआवजा
प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, फसल और मकानों की क्षति का सर्वे कर पात्रों को शीघ्र सहायता देने के निर्देश
चंदौली। चक्रवाती तूफान से जिले में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर फसल, मकान और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों को क्षति का पारदर्शी और सटीक आकलन कर प्रभावितों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और लेखपालों को संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर नुकसान का विस्तृत सर्वे करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्वे में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और कोई भी पात्र पीड़ित सहायता से वंचित न रहने पाए। क्षति का आकलन पूरा होने के बाद शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत राहत एवं मुआवजे की राशि प्रभावितों के बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
डीएम ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनके साथ है और नुकसान का आकलन पूरा होते ही पात्र प्रभावितों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।





















