ईमानदारी की पेश की मिसाल, कंदवा पुलिस ने मालखाने में सुरक्षित रखवाई धनराशि; वास्तविक मालिक की तलाश जारी
चंदौली। सड़क पर मिले 50 हजार रुपये अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपकर एक अधिवक्ता ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। उनके इस सराहनीय कदम की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घोसवा निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे किसी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी मिली। गिनती करने पर उसमें कुल 50 हजार रुपये थे। उन्होंने बिना देर किए थाना कंदवा पहुंचकर पूरी धनराशि पुलिस के सुपुर्द कर दी।
पुलिस ने इस संबंध में जनरल डायरी में प्रविष्टि दर्ज कर नकदी को मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। अब पुलिस रुपये के वास्तविक मालिक की तलाश कर रही है, ताकि उचित सत्यापन के बाद धनराशि उन्हें वापस की जा सके।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के रुपये रास्ते में गिर गए हैं तो वह थाना कंदवा पहुंचकर संपर्क कर सकता है। संबंधित व्यक्ति को रुपये से जुड़े उचित प्रमाण और अपनी पहचान प्रस्तुत करनी होगी। सत्यापन के बाद ही धनराशि वापस की जाएगी। इसके लिए मोबाइल नंबर 9454403192 पर भी संपर्क किया जा सकता है।





















