दिए सख्त निर्देश
अभिलेखों के रखरखाव, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और डायल 112 के रिस्पांस टाइम में सुधार पर दिया जोर
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन, साइबर क्राइम थाना और स्मार्ट कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और शाखा प्रभारियों को कार्यों में पारदर्शिता बरतने तथा आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने आंकिक शाखा में कर्मचारियों के वेतन, एरियर, बजट और वित्तीय अभिलेखों की जांच की। डीसीआरबी में अपराधियों के रिकॉर्ड, आपराधिक इतिहास, सीसीटीएनएस प्रविष्टियों और दैनिक अपराध आंकड़ों की अद्यतन स्थिति देखी। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने की हिदायत दी। जनशिकायत प्रकोष्ठ और जनसुनवाई कक्ष में आईजीआरएस पोर्टल, प्रार्थना पत्रों तथा संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनकर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
प्रधान लिपिक शाखा में सेवा पुस्तिकाओं, गोपनीय अभिलेखों और विभागीय पत्राचार की जांच की गई। पासपोर्ट, चरित्र प्रमाण पत्र और पुलिस सत्यापन से जुड़े आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अभियोजन एवं सम्मन सेल में न्यायालय से प्राप्त सम्मन और वारंट की तामील के साथ गवाहों की समय से पेशी सुनिश्चित कराने को कहा।
साइबर क्राइम थाने के निरीक्षण के दौरान एसपी ने ऑनलाइन ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी। स्मार्ट कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए डायल 112 के रिस्पांस टाइम में और सुधार लाने पर जोर दिया। इसके बाद पुलिस लाइन में शस्त्रागार, वाहन शाखा, क्वार्टर गार्ड और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों की साफ-सफाई, परिसर के रखरखाव और पुलिसकर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशीलता और शिष्टता से व्यवहार किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।





















