पुरानी रंजिश में युवक के सिर और गर्दन पर किए थे वार, निशानदेही पर टूटी बोतल और खून से सनी टी-शर्ट बरामद
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर कांच की बोतल से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टूटी कांच की बोतल का टुकड़ा और खून से सनी टी-शर्ट बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे ग्राम फुटिया में पुरानी रंजिश को लेकर हुई कहासुनी के दौरान बली उर्फ प्रिंस सिंह ने अपने दोस्त रामदास के सिर पर कांच की बोतल से कई वार किए। बोतल टूटने के बाद उसने रामदास की गर्दन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रामदास का वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। उसकी मां सोमरा देवी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार शाम करीब 5:55 बजे एनएच-19 की दक्षिणी सर्विस लेन से फुटिया जाने वाले मार्ग के पास से आरोपित बली उर्फ प्रिंस सिंह (24) निवासी फुटिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 160 रुपये भी बरामद किए। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, अवधेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















