बीमार किशोर पर स्प्रे छिड़ककर पीटा
घर में सो रहे परिवार को भनक तक नहीं लगी, विरोध करने पर किशोर के सिर और पीठ पर किया हमला; 12 हजार रुपये नकदी भी समेट ले गए बदमाश
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर की नींद खुल गई। उसने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपितों ने उसके मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया। इसके बावजूद किशोर ने विरोध जारी रखा तो चोरों ने उसके सिर और पीठ पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश छत के रास्ते फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, इटवां गांव निवासी मुन्ना प्रजापति के घर में देर रात चोर घुस गए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। बदमाशों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब पांच से छह लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोर घर में रखे 12 हजार रुपये नकद भी उठा ले गए।
किशोर पर हमले के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।




















