रिवर्सिबल लाइन पर तीन विभागों के संयुक्त अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा, सैयदराजा स्टेशन की यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का लिया जायजा
पीडीडीयू नगर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने रविवार को चंदौली मझवार से कर्मनाशा तक रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिवर्सिबल लाइन पर इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत कर्षण वितरण विभाग की ओर से एक साथ कराए जा रहे अनुरक्षण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यस्थल पर संरक्षा मानकों के पालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की भी समीक्षा की।
रिवर्सिबल लाइन पर निर्धारित समयावधि में तीनों विभागों के अनुरक्षण कार्य एक साथ कराए जा रहे हैं। इससे अलग-अलग कार्यों के लिए बार-बार रेलखंड का ब्लॉक लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है। डीआरएम ने इस व्यवस्था का जायजा लेते हुए कार्यों की गति, गुणवत्ता और निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम सैयदराजा स्टेशन भी पहुंचे। उन्होंने स्टेशन की कार्यप्रणाली, यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद सैयदराजा से कर्मनाशा तक ट्रॉली से निरीक्षण करते हुए रेलपथ की स्थिति और अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गैंगमेट और ट्रैक अनुरक्षण कर्मचारियों से संवाद कर नियमित रखरखाव तथा कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों की जानकारी भी प्राप्त की।
कर्मनाशा स्टेशन की सीमा में पॉइंट के समीप चल रहे रेल बदलने के कार्य का भी डीआरएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और संरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को परखा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















