डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा- राष्ट्र को एकजुट करने में सरदार पटेल का रहा महत्वपूर्ण योगदान, रन फॉर यूनिटी के तहत निकाली गई एकता मार्च
श्रावस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यों और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, समरसता और विकास को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही गरीबों, पिछड़ों और किसानों को सहकारिता से जोड़कर देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। उनके आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार ने कहा कि अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अपनी दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्पशक्ति से देश की रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता सुनिश्चित की। डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचारों पर चलकर ही समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाया जा सकता है।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी इकौना रवि प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी जमुनहा रावेन्द्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्रेया, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर दीक्षा अग्रवाल सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत यूनिटी मार्च भी निकाला गया। पटेल चौक दहाना से शुरू हुई मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली ईदगाह तिराहे तक पहुंची। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया।





















