आरोपित गिरफ्तार
चिकन की दुकान पर विवाद शांत कराने पहुंचे व्यक्ति को बनाया था निशाना, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पटरा किया बरामद
पीडीडीयू नगर। टेंगरा मोड़-जिवनाथपुर मार्ग पर हमीदपुर गांव के पास चिकन की दुकान पर हुए विवाद में बीच-बचाव करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे व्यक्ति के सिर पर युवक ने सेंटरिंग के पटरे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में वांछित आरोपित को मुगलसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त सेंटरिंग का पटरा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को गोपालपुर निवासी मो. गालिब ने तहरीर देकर बताया था कि हमीदपुर स्थित चिकन की दुकान पर काम करने वाले सत्यम उर्फ लम्बू और गांव के दिलीप के बीच विवाद हो रहा था। दोनों के बीच गाली-गलौज भी हो रही थी। गालिब ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया तो दिलीप ने पास में रखा सेंटरिंग का पटरा उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोट आई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30 अक्टूबर को पटनवां तिराहे के पास से आरोपित दिलीप सिंह उर्फ अजय सिंह (20) निवासी हमीदपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान वादी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हमले में इस्तेमाल किया गया सेंटरिंग का पटरा भी बरामद किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सूरज रावत और हेड कांस्टेबल सनोज सिंह शामिल रहे।





















