अर्धनिर्मित सड़क पर हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक की ट्रामा सेंटर में मौत, पत्नी और दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी एक ऑटो चालक की जिंदगी निगल गई। गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास सड़क पर फैली गिट्टी के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार की भोर उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल ऑटो चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) को गंभीर हालत में वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था। परिजन उसके ठीक होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन रविवार की भोर करीब तीन बजे उसने अंतिम सांस ली। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
तिलकधारी अपने पीछे पत्नी कविता और दो बेटियों रितिका (10) तथा आर्या (8) को छोड़ गया है। परिवार की आजीविका का सहारा रहे तिलकधारी की असमय मौत से पत्नी और दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
सड़क पर बिखरी गिट्टी से उठे सुरक्षा पर सवाल
अर्धनिर्मित सड़क पर निर्माण सामग्री के रूप में बिखरी गिट्टी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सड़क निर्माण के दौरान न तो निर्माण सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन और न ही यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजामों का सवाल इस हादसे के बाद गंभीर हो गया है। यदि निर्माणाधीन सड़क पर समय रहते उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो संभव है कि इस हादसे को टाला जा सकता था। अब सवाल है कि सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था इस लापरवाही पर कब जवाबदेही तय करेंगे।4





















