सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए थानों की एंटी रोमियो टीमें चला रहीं अभियान, सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की दी जा रही जानकारी
चंदौली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमें बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, निराश्रित महिला पेंशन योजना, शक्ति सदन और सखी निवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम-2013 तथा दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों से भी अवगत कराया जा रहा है।
पुलिस टीमें थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दे रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं इन केंद्रों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकें।
अभियान के आगामी चरण में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ उनके लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करना है।




















