10 से 15 युवकों पर बेल्ट-डंडों से हमला करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और नकदी-मोबाइल छीनने का आरोप, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मुगलसराय। कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी रात को 10 से 15 युवकों ने युवक को घेरकर बेल्ट और डंडों से जमकर पिटाई की। इस दौरान उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक रणवीर की मां शीला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि छह और सात नवंबर की दरम्यानी रात करीब दो बजे जीटी रोड स्थित अग्रवाल गेस्ट हाउस के पीछे गली में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 10 से 15 युवकों ने उसे घेरकर बंधक बना लिया और बेल्ट तथा डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने युवक का मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसकी नकदी भी छीन ली। घटना के बाद पीड़ित की मां ने सात नवंबर को मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। वीडियो में युवक के साथ मारपीट किए जाने की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





















