युवक की मौत से मचा कोहराम
झोलाछाप पर घर पहुंचकर ऑपरेशन करने का आरोप, परिजनों ने सीएमओ से की शिकायत; पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग
चंदौली। धानापुर क्षेत्र के हेतमपुर गांव में पाइल्स का ऑपरेशन कराने के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। घर पर किए गए ऑपरेशन के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने मिर्जापुर गांव निवासी एक कथित झोलाछाप पर घर पहुंचकर ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हेतमपुर गांव निवासी इस्लाम पुत्र सुभान पाइल्स की समस्या से पीड़ित थे। आरोप है कि धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का एक व्यक्ति खुद को चिकित्सक बताकर लोगों का इलाज करता है। इसी व्यक्ति ने इस्लाम के घर पहुंचकर उनका ऑपरेशन किया था। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद इस्लाम की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक के भाई इसहाक अली ने दो नवंबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंदौली को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने बिना समुचित चिकित्सकीय व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं के घर पर ऑपरेशन किया, जिसके बाद उनके भाई की जान चली गई। शिकायतकर्ता ने कथित चिकित्सक की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय योग्यता के साथ ऑपरेशन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कराने की मांग की है।
परिजनों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने की भी मांग उठाई है। शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को भी भेजी गई हैं।
इसहाक अली का आरोप है कि शिकायत देने के चार दिन बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि जांच और कानूनी कार्रवाई के बजाय मामले में सुलह-समझौता कराने की बात सामने आ रही है। परिजनों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।





















