गरीब रथ, सप्तक्रांति, कर्मभूमि, श्रमजीवी और मगध एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें होंगी शामिल
हाजीपुर। पूर्व मध्य रेलवे ने परिचालनिक सुगमता के मद्देनजर 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर में बदलाव करने का निर्णय लिया है। जनवरी 2027 से ये ट्रेनें नए नंबरों के साथ संचालित होंगी। इनमें बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत को जोड़ने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अलग-अलग ट्रेनों के अप और डाउन रूट पर नए नंबर लागू होने की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।
रेलवे के अनुसार, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 14031/14032 किया जाएगा। आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली ट्रेन छह जनवरी तथा मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन आठ जनवरी से नए नंबर से चलेगी। इसी तरह मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस का नया नंबर 15577/15578 होगा। इसका परिचालन एक जनवरी से नए नंबर पर शुरू होगा।
रक्सौल-लोकमान्य तिलक कर्मभूमि एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 15545/15546 किया जाएगा। लोकमान्य तिलक से रक्सौल जाने वाली ट्रेन दो जनवरी और रक्सौल से लोकमान्य तिलक जाने वाली ट्रेन सात जनवरी से नए नंबर से चलेगी। सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस का नया नंबर 14693/14694 निर्धारित किया गया है। अमृतसर से सहरसा जाने वाली ट्रेन छह जनवरी और सहरसा से अमृतसर जाने वाली ट्रेन सात जनवरी से नए नंबर से संचालित होगी।
दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 15541/15542 किया जाएगा। दरभंगा से जालंधर जाने वाली ट्रेन दो जनवरी और जालंधर से दरभंगा आने वाली ट्रेन तीन जनवरी से नए नंबर पर चलेगी। वहीं, हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस अब 13387/13388 नंबर से संचालित होगी। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं के नए नंबर एक जनवरी से प्रभावी होंगे।
पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का नया नंबर 13255/13256 निर्धारित किया गया है। पाटलिपुत्र से चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन तीन जनवरी और चंडीगढ़ से पाटलिपुत्र आने वाली ट्रेन चार जनवरी से नए नंबर से चलेगी। राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस अब 13291/13292 नंबर से संचालित होगी। इसके दोनों दिशाओं में एक जनवरी से नए नंबर लागू होंगे।
पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 13265/13266 किया जाएगा। इसी प्रकार इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस अब 18633/18634 नंबर से परिचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों के नए नंबर एक जनवरी से प्रभावी होंगे।
टाटा-कटिहार एक्सप्रेस का नया नंबर 18187/18188 निर्धारित किया गया है। कटिहार से टाटा जाने वाली ट्रेन एक जनवरी तथा टाटा से कटिहार जाने वाली ट्रेन दो जनवरी से नए नंबर से चलेगी। वहीं, एरणाकुलम-पटना एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 16359/16360 किया जाएगा। पटना से एरणाकुलम जाने वाली ट्रेन एक जनवरी और एरणाकुलम से पटना आने वाली ट्रेन चार जनवरी से नए नंबर से संचालित होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जनवरी 2027 में यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेनों के नए नंबरों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि टिकट बुकिंग और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।





















