चोरी की घटना से जुड़ा बताया जा रहा मारपीट का मामला, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
पीडीडीयू नगर। सोशल मीडिया पर दलित युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद मामले में नया तथ्य सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मारपीट का शिकार युवक रणवीर के खिलाफ चोरी और नकबजनी के छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि युवक के साथ हुई मारपीट की घटना का संबंध भी चोरी के एक मामले से है। हालांकि, इस मामले में कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली महाल निवासी रणवीर के खिलाफ स्थानीय थाने में चोरी और नकबजनी के कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि मारपीट की घटना के पीछे चोरी से जुड़ा विवाद सामने आया है।
वहीं, रणवीर की मां शीला देवी ने आरोप लगाया है कि छह-सात नवंबर की रात करीब दो बजे जीटी रोड स्थित अग्रवाल गेस्ट हाउस के पीछे वाली गली में 10 से 15 युवकों ने उनके बेटे को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे बंधक बनाकर बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।





















