बिना हेलमेट के 2109 और ओवरस्पीडिंग में 941 वाहन चालकों पर कार्रवाई, यातायात जागरूकता माह में पुलिस का विशेष अभियान
चंदौली। यातायात जागरूकता माह के तहत जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। एक से नौ नवंबर तक चले विशेष वाहन चेकिंग अभियान में यातायात पुलिस और जनपदीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 5568 वाहनों का चालान किया। इन पर कुल 85 लाख 91 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक 2109 वाहन चालक बिना हेलमेट के पकड़े गए। वहीं, ओवरस्पीडिंग के 941 और नो पार्किंग के 884 मामलों में चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव प्रथम और सुरेंद्र यादव द्वितीय के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जिले के प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने मुगलसराय थाना क्षेत्र के आईपी मॉल और पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन के पास लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चालकों से नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की अपील की। साथ ही अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
ब्लैक स्पॉट पर किए गए सुरक्षा के इंतजाम
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। चकिया तिराहे पर रिफ्लेक्टर, हेजार्ड और साइन बोर्ड लगाए गए हैं। स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां बनवाई गई हैं। पड़ाव चौराहे पर भी स्पीड ब्रेकर को सफेद पट्टियों से चिह्नित किया गया है। संबंधित विभागों के समन्वय से पड़ाव चौराहे से चकिया तिराहे और गोधना मोड़ तक रोड लाइटिंग का कार्य कराया जा रहा है।
इसके अलावा सुभाष पार्क और रविनगर मोड़ पर गल्ला मंडी के सामने बने अवैध कट को लोहे के बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया है। वाहन चालकों को दूर से ही सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर पट्टियां और सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें तथा धीरे चलें-सुरक्षित चलें जैसे संदेशों वाले चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, नौ दिनों में बिना हेलमेट के 2109 चालान कर 21 लाख नौ हजार रुपये, ओवरस्पीडिंग के 941 मामलों में 18 लाख 82 हजार रुपये और नो पार्किंग के 884 मामलों में नौ लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 561, तीन सवारी में 270, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 190 और बिना वैध बीमा के 164 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।HelmetSafety, #TrafficRules, #ChandauliPolice





















