आपसी सहमति से साथ रहने को राजी हुआ दंपती
मिशन शक्ति केंद्र की पहल लाई रंग, पति-पत्नी ने पुरानी गलतियां भुलाकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने का लिया निर्णय
चंदौली। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही चंदौली पुलिस सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने और टूटते परिवारों को बचाने की दिशा में भी प्रयास कर रही है। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत थाना चंदौली स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे एक दंपती के बीच सुलह कराकर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए राजी कर लिया। पुलिस की समझाइश और पहल से पति-पत्नी ने पुरानी बातों को भुलाकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 10 नवंबर को पारिवारिक विवाद को लेकर पति और परिजनों के विरुद्ध दिए गए प्रार्थना पत्र पर मिशन शक्ति केंद्र ने कार्रवाई शुरू की। दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना देकर थाने बुलाया गया। यहां पुलिस टीम ने पति-पत्नी की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास, सम्मान तथा रिश्तों के महत्व को समझाते हुए विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया।
मिशन शक्ति केंद्र की पहल रंग लाई और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई। पति-पत्नी ने अपनी पुरानी गलतियों को स्वीकार करते हुए एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखने और बिना किसी दबाव के नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने पर सहमति जताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के बीच पारिवारिक विवाद समाप्त कराकर उन्हें परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर भेज दिया।
पुलिस की इस पहल से एक टूटता परिवार फिर से जुड़ गया। मिशन शक्ति केंद्र की यह कार्रवाई पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी समझ के जरिए सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।





















