एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह होंगे मुख्य अतिथि
गोरखपुर। संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आगामी 13 जुलाई (सोमवार) को जनपद गोरखपुर में शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता, समायोजित शिक्षकों की भूमिका, नवीन शैक्षिक गतिविधियों तथा संगठन की भावी कार्ययोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ, गोरखपुर के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर से भेंट कर उन्हें शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी में मुख्य रूप से उपस्थित रहने का आमंत्रण दिया। इस दौरान संघ की ओर से उन्हें औपचारिक आमंत्रण पत्र भी सौंपा गया। साथ ही यह अनुरोध किया गया कि जनपद के वे सभी शिक्षामित्र, जो वर्तमान में शिक्षक पद पर समायोजित हो चुके हैं, उन्हें अधिवेशन में प्रतिभाग करने हेतु आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्रदान की जाए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक इस शैक्षिक आयोजन का लाभ उठा सकें।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह संगोष्ठी केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षकों के शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकास का महत्वपूर्ण मंच होगी। इसमें शिक्षण की नवीन तकनीकों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, विद्यालयों में गुणवत्ता सुधार, शिक्षकों की भूमिका तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समायोजित शिक्षक एवं शिक्षामित्र सहभागिता करेंगे।
इस अवसर पर संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष रमेश मणि त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला, जिला महामंत्री अजय सिंह, पंकज कुमार पांडेय, अविनाश कुमार, उमेश चंद्र, ममता राय, शिवकुमार, धर दुबे, कन्हैयालाल गौड़, सुशील कुमार सिंह, सुनील कुमार, हरेराम शुक्ला, विश्वनाथ प्रजापति सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।








