भाजपा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मिला चुनावी मंत्र
संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और मतदाता संपर्क पर रहा जोर, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र के मैनपुरी रोड स्थित एसपीएस रिसोर्ट में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के बूथ सम्मेलन में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तीकरण को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया गया। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि एवं पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के दम पर चलने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। यदि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय रहेगा और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएगा, तो भाजपा की जीत को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और अनुशासन को संगठन की पहचान बनाए रखने का आह्वान किया। विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि चुनाव केवल मतदान के दिन नहीं जीते जाते, बल्कि उसकी नींव बूथ स्तर पर होने वाले निरंतर जनसंपर्क से रखी जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने, सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने और संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। सम्मेलन के दौरान विधायक पुत्र, प्रतिनिधि सूरज राठौड़ ने कहा कि भाजपा का युवा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि आज का समय घर-घर संवाद का है। प्रत्येक युवा कार्यकर्ता अपने बूथ पर कम से कम सौ नए परिवारों से संपर्क स्थापित करे, नए मतदाताओं को संगठन से जोड़े और सोशल मीडिया के साथ-साथ जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाए। जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि भाजपा का संगठन परिवार की तरह कार्य करता है, जहां हर कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर जनसंपर्क अभियान को और तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत केवल संख्या से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और जनता के बीच निरंतर उपस्थिति से बढ़ती है। आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ पर रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। इसके बाद सम्मेलन में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए आगामी चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़, पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक पियूष शाक्य, दिनेश गुप्ता, अभिषेक शर्मा उर्फ गोपाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन सूरज राठौर शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत, सांसद प्रतिनिधि अंकुर शाक्य, जैथरा चेयरमैन बृजेश गुप्ता, रामपुर चेयरमैन प्रतिनिधि अर्जुन सिंह राठौड़, विधायक पुत्र प्रतिनिधि सूरज राठौड़ सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







