सरसौल पुल पर दोपहर में हुई घटना से मचा हड़कंप, स्थानीय गोताखोरों ने नाव से शुरू किया सर्च ऑपरेशन; देर तक तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सरसौल स्थित शहीद चंदन राय गंगा पुल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पीठ पर काले रंग का बैग था और वह बैग समेत नदी में समा गया। घटना के बाद पुल के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे स्थानीय गोताखोरों ने नाव के सहारे गंगा में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, सोमवार नौ नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे युवक सरसौल गंगा पुल पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसकी पीठ पर काले रंग का बैग था। कुछ देर तक पुल पर रहने के बाद उसने अचानक गंगा में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदता देख आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल गोताखोरों को घटना की सूचना दी।
पट्टी गांव का निवासी है युवक
युवक की पहचान चहनिया ब्लॉक के पट्टी गांव निवासी टिप्पू चौबे (33 वर्ष) पुत्र राम अवतार चौबे के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों और परिचितों को दी गई। उधर, सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर नाव लेकर गंगा में उतरे और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। युवक ने किन परिस्थितियों में गंगा में छलांग लगाई और इसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। युवक के काले बैग समेत नदी में कूदने की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। समाचार लिखे जाने तक गोताखोरों की मदद से गंगा में उसकी तलाश जारी थी।





















