आसमान शॉट पटाखा दुकान की ओर छोड़ने का आरोप, दो लाख का सामान और 40 हजार रुपये नकदी जलकर राख; पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
चंदौली। जन्मदिन का जश्न मनाने के दौरान पटाखे छोड़ना एक दुकानदार के लिए भारी मुसीबत बन गया। आरोप है कि जन्मदिन मना रहे युवकों ने दुकान की ओर आसमानी शॉट पटाखा छोड़ दिया, जिसकी चिंगारी से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा दीपावली का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, घटना में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान और 30 से 40 हजार रुपये नकदी जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित ने आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे यह घटना हुई। पीड़ित दुकानदार जितेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर उन्होंने अपनी दुकान में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सजावटी सामान, बच्चों की फुलझड़ियां और अन्य पटाखे बिक्री के लिए रखे थे। आरोप है कि देर रात मनीष सेठ अपने 10 से 15 दोस्तों के साथ बुलेट समेत अन्य वाहनों से वहां पहुंचा। युवक सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाते हुए आसमानी शॉट पटाखे छोड़ रहे थे।
इसी दौरान 12 शॉट वाला पटाखा दुकान की तरफ छोड़ दिया गया। पटाखे की चिंगारी दुकान में रखे ज्वलनशील सामान पर गिरने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा काफी सामान जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद युवक तालियां बजाते और हंसते हुए वहां से चले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्हें कई बार इसी तरह परेशान किया जा चुका है।
दुकानदार ने बताया कि दीपावली के लिए दुकान में सामान जुटाने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था। यहां तक कि पत्नी के गहने भी बंधक रखने पड़े थे। इसी दुकान की कमाई से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। ऐसे में आगजनी की घटना ने परिवार को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।





















