लाठी-डंडों से तीन लोगों पर किया था हमला, घटना के एक माह बाद पुलिस ने दबोचा
सकलडीहा। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपित को सकलडीहा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान बहरवानी गांव निवासी करन (23) पुत्र गोरख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीते 27 सितंबर को बहरवानी गांव निवासी रमायन नट और विपक्षी पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पप्पू नट, परदेशी नट, शिवा, सलमान और करन ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए रमायन नट और उनके परिजनों राजू व शिवानी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रमायन की तहरीर पर सकलडीहा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे थाना क्षेत्र से करन को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जनक सिंह, हेड कांस्टेबल हेमंत राज और कांस्टेबल उपेंद्र सिंह शामिल रहे।




















